home page

राजगढ़ः शादी के नाम पर युवक से 2 लाख की ठगी, लुटेरी दुल्हन गिरोह के 6 लोगों पर केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः शादी के नाम पर युवक से 2 लाख की ठगी, लुटेरी दुल्हन गिरोह के 6 लोगों पर केस दर्ज


राजगढ़, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र से शादी का सपना दिखाकर एक युवक से 2 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सनिवार को पीड़ित की शिकायत पर महिला समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पीपल्याखेड़ी निवासी 35 वर्षीय श्रवण अविवाहित था और विवाह के लिए लड़की की तलाश कर रहा था। इसी दौरान गांव के पर्वत सौंधिया ने उसे महाराष्ट्र की एक युवती से शादी कराने का भरोसा दिलाया। इसके बदले में उसने 2 लाख रुपए की मांग की। शादी की इच्छा में श्रवण ने रकम का इंतजाम कर आरोपियों को सौंप दिया। फरियादी के मुताबिक 6 जनवरी 2026 को प्रीति राउत नाम की युवती चार अन्य लोगों के साथ ब्यावरा आई। सभी की मुलाकात अंजनीलाल मंदिर में कराई गई, जिसके बाद उन्हें कोर्ट ले जाया गया। वहां 10 रुपए के स्टाम्प पर लिखापढ़ी कर विवाह संबंधी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके बाद युवती श्रवण के घर रहने लगी और पति-पत्नी की तरह दोनों साथ रहने लगे। करीब 15 दिन बाद प्रीति घर से शौच जाने का कहकर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। पीड़ित का आरोप है कि पूरी शादी एक सुनियोजित साजिश थी, जिसके जरिए उससे 2 लाख रुपए ठग लिए गए।पुलिस ने मामले में प्रीति राउत, माया सूर्यवंशी,बबीता राठौर,कविता शर्मा,मनरू शिवाजीराव और पर्वत सौंधिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी शिवराजसिंह चैहान का कहना है कि मामले में छह लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक