home page

राजगढ़ः मक्का खरीद के नाम पर व्यापारी से दस लाख की धोखाधड़ी, छह आरोपियों पर केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः मक्का खरीद के नाम पर व्यापारी से दस लाख की धोखाधड़ी, छह आरोपियों पर केस दर्ज


राजगढ़, 06 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कुरावर थाना क्षेत्र में मक्का खरीद के बहाने एक व्यापारी से दस लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को फरियादी की शिकायत पर छह आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मां कैलादेवी ट्रेडर्स, कुरावर के संचालक 67 वर्षीय राधेश्याम पुत्र नन्नूलाल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग स्वयं को लिमरा इंटरप्राइजेज फर्म का एजेंट बताकर उनकी दुकान से 700 क्विंटल से अधिक मक्का खरीदकर ले गए। इनमें से लगभग 600 क्विंटल का भुगतान तो उन्होंने भेज दिया, लेकिन शेष 10,00,211 की राशि अब तक नहीं चुकाई। कई बार मांग करने पर भी रकम न देना और मक्का हड़प लेना, व्यापारी के अनुसार, धोखाधड़ी की स्पष्ट मंशा को दर्शाता है। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दानिश उर्फ जमाल अंसारी निवासी बस्ती बिलबारिया (उप्र), फैजान निवासी बादलपुर (गुजरात), शहाबुद्दीन निवासी पालनपुर (गुजरात), अब्दुल अहमद खान निवासी ईस्ट पालनगर (मुंबई), जुबेर निवासी करनारा (गुजरात) और साजिद सरपंच निवासी पालनपुर (गुजरात) के खिलाफ धारा 316(5), 318(4) और 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुट गई है और मामले की बारीकी से जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों से आर्थिक धोखाधड़ी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक