राजगढ़ः पुश्तैनी मकान बेचने की बात पर भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडों से मारपीट में पांच घायल
राजगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम चमारी में शनिवार सुबह पुश्तैनी मकान बेचने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चमारी निवासी मुकेश गुर्जर ने शिकायत में बताया कि उनका पुश्तैनी मकान बिना हिस्से का बंटवारा किए बेच दिया गया। इसी बात को लेकर गांव के दिनेश यादव, भानू और हेमंत यादव से बातचीत करने पहुंचे तो उन्होंने गाली- गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर तीनों ने लाठी-डंडों से मारपीट की। इसमें मुकेश और उनके बेटे विशाल को चोटें आईं। विशाल के सिर में भी चोट लगना बताया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के दिनेश यादव ने पुलिस को बताया कि मकान खरीदने का विरोध करते हुए मुकेश गुर्जर, कमलेश, अजय और विशाल ने उनके साथ गाली-गलौज कर लाठी- डंडों से मारपीट की। इस दौरान दिनेश, भानू और हेमंत घायल हो गए। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ धारा 296, 115(2) और 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

