home page

राजगढ़ः जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच चले डंडे, नौ लोगों पर मामला दर्ज

 | 
राजगढ़ः जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच चले डंडे, नौ लोगों पर मामला दर्ज


राजगढ़, 01 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हबीपुरा में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं।

घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर कुल नौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम हबीपुरा निवासी 34 वर्षीय कन्हैयालाल वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान गांव के विष्णू प्रजापति, राहुल प्रजापति, पूजाबाई, सचिन प्रजापति और रेशमबाई ने उसके परिवार के साथ गाली-गलौज की और डंडों से मारपीट की। शिकायत में जातिसूचक अपशब्द कहने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में परिवार के कुछ सदस्य घायल हुए हैं।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से रेखाबाई प्रजापति ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान कन्हैयालाल वर्मा ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसकी पत्नी सुषीलाबाई, बहन संगीता और सोरमबाई सहित अन्य लोगों ने डंडों तथा हाथापाई कर मारपीट की। रेखाबाई ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी मनीषा, सास सुंदरबाई और नाती नयन के साथ भी मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के संबंध में साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक