home page

राजगढ़ः खेत की मेढ़ तोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, 9 लोगों पर केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः खेत की मेढ़ तोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, 9 लोगों पर केस दर्ज




राजगढ़, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ोनिया में मंगलवार दोपहर खेत की मेढ़ तोड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल 9 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पड़ोनिया निवासी 53 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र देवचंद दांगी ने शिकायत में बताया कि खेत की मेढ़ तोड़ने की बात को लेकर गांव के ज्योतिप्रकाश दांगी, कालूराम दांगी और प्रणतपाल दांगी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें परिवार के लोगों को चोटें आईं। वहीं, दूसरे पक्ष के ज्योतिप्रकाश पुत्र कालूराम दांगी ने आरोप लगाया कि इसी विवाद को लेकर ओमप्रकाश दांगी, रंगलाल, कमलेश, रामलखन, डोलीबाई और कौशल्याबाई ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान बुजुर्ग धापूबाई को नाक में गंभीर चोट आई। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 9 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक