राजगढ़ः खेत से ट्रेक्टर निकालने की बात पर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, 8 लोगों पर केस दर्ज
राजगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़ोनिया में गुरुवार सुबह खेत से ट्रेक्टर निकालने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल आठ लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बबलू पुत्र कैलाशनारायण भिलाला ने शिकायत में बताया कि खेत से ट्रेक्टर निकालने को लेकर गांव के गोवर्धन दांगी, गोपाल दांगी, महेश दांगी, मोहन दांगी और सुरेश दांगी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपितों ने जातिसूचक गालियां दीं और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह और उसके परिवार के सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरी ओर गोपाल पुत्र अमरसिंह दांगी ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि इसी विवाद के दौरान गांव के हीरालाल, शिवनारायण और बबलू भिलाला ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर धारा 296, 115(2) और 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

