home page

राजगढ़ः कोर्ट परिसर में युवक से मारपीट, युवा कांग्रेस के दो पदाधिकारियों पर केस

 | 
राजगढ़ः कोर्ट परिसर में युवक से मारपीट, युवा कांग्रेस के दो पदाधिकारियों पर केस


राजगढ़, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के न्यायालय परिसर में शुक्रवार दोपहर मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवा कांग्रेस के दो जिला पदाधिकारियों पर एक युवक और उसके दोस्त के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार भंवरगंज निवासी लोकेश (27) पुत्र दिनेष सेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह रिलायंस मार्ट में नौकरी करता है। शुक्रवार दोपहर वह अपने दोस्त अमित लश्करी के साथ न्यायालय परिसर में एक परिचित से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान वहां युवा कांग्रेस के जिला महासचिव अर्पित शर्मा और जिला उपाध्यक्ष शिव दांगी आपस में बातचीत कर रहे थे। लोकेश उनके पास जाकर खड़ा हो गया।

आरोप है कि दोनों ने कहा कि वे जरूरी बात कर रहे हैं और उसके वहां खड़े होने पर नाराज हो गए। फरियादी के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों ने गाली- गलौज शुरू कर दी और हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान किसी धारदार वस्तु से भी हमला किया गया, जिससे उसे चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त अमित लश्करी के साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक