home page

राजगढ़ : घर में घुसकर दलित महिला से दुष्कर्म का आरोप, युवक फरार

 | 
राजगढ़ : घर में घुसकर दलित महिला से दुष्कर्म का आरोप, युवक फरार


राजगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक 30 वर्षीय दलित विधवा महिला ने गांव के ही एक युवक पर घर में जबरन घुसकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर कालीपीठ थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी समेत विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपित फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, कालीपीठ थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 19 सितंबर की रात वह अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला प्रभूलाल पुत्र छोटेलाल तंवर जबरन उसके घर में दाखिल हो गया। महिला का आरोप है कि घर में घुसने के बाद आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला के मुताबिक, घटना के दौरान उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के आने की आशंका के चलते आरोपित मौके से भाग निकला। बताया गया है कि घटना के समय महिला के परिजन मजदूरी के सिलसिले में जयपुर गए हुए थे, जिसके कारण वह घर में अकेली थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर प्रभूलाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 332(बी) और 351(3) के साथ ही एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण दर्ज करने के बाद आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक