राजगढ़ः बंधक बनाकर महिला से दुष्कर्म, आरोपित फरार
राजगढ़, 12 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय महिला ने ढकोरा गांव के एक युवक पर बहला-फुसलाकर भोपाल ले जाकर दस दिन तक बंधक बनाकर शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित की शिकायत पर मौके से फरार आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार पीड़ित ने बताया रामबाबू पुत्र रंगलाल दांगी (28) निवासी ढकोरा, 22 अप्रैल को उसे मामा से मिलाने का कहकर भोपाल ले गया, जहां किराए के कमरे में उसे कैद कर रखा गया और जबरन गलत काम किया। विरोध करने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद आरोपित उसे वापस गांव छोड़ गया और किसी से बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित विवाहित है और उसका पति खेती-किसानी करता है, जबकि उसके छह वर्ष का एक बच्चा भी है।
शिकायत मिलते ही ब्यावरा पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए धारा 64(2)(एम), 87,127(4), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपित घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस ने टीम गठित कर दबिशें शुरू कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

