home page

राजगढ़ः शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म, केस दर्ज


राजगढ़, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में रहने वाली महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और बाद में रिश्ता तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रविवार को आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि उसकी शादी पहले उज्जैन निवासी विजय से हुई थी, जिससे उसे तीन बच्चे हैं। वर्ष 2021 में पति छोड़ गया, जिसके बाद वह सारंगपुर में मायके के पास किराये के मकान में बच्चों के साथ रहने लगी और खाना बनाकर जीवन यापन कर रही है। खाना बनाने का काम करने वाली कृष्णाबाई सोनी के माध्यम से उसकी पहचान मनोज सोनी से हुई, जो अक्सर उसके घर आने लगा।

रिपोर्ट के अनुसार मनोज ने उससे कहा कि उसका पति नहीं है, इसलिए वह उससे शादी करेगा। इसी भरोसे पर वह उसके घर आता-जाता रहा और मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बताकर पति-पत्नी की तरह रहने लगा। इस दौरान उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला के बार-बार शादी करने के आग्रह पर वह टालमटोल करता रहा। फरियादिया ने बताया कि 03 मई को जब बच्चे घर पर नहीं थे, तब भी मनोज ने उसकी मर्जी के विरुद्ध संबंध बनाए। बाद में जब वह मनोज के घर शादी की बात करने गई, तो उसने रिश्ता खत्म करते हुए उसे भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में मौके से फरार आरोपित के खिलाफ धारा 69 बीएनएस, एससीएसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक