home page

राजगढ़ः भाई के हिस्से का मकान अपने नाम कराने का दबाव, मना करने पर महिला ने किया हमला

 | 
राजगढ़ः भाई के हिस्से का मकान अपने नाम कराने का दबाव, मना करने पर महिला ने किया हमला


राजगढ़, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के कुशवाह मोहल्ले में रविवार सुबह पारिवारिक विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। मकान और प्लॉट अपने नाम कराने की बात को लेकर छोटे भाई की पत्नी ने 35 वर्षीय युवक पर पीछे से हंसिए से हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार कुशवाह मोहल्ला निवासी नंदकिशोर पुत्र बद्रीलाल कुशवाह फल बेचने का काम करता है। रविवार सुबह वह सिर पर फल का टोकरा रखकर घर से निकला था। इसी दौरान उसके छोटे भाई लखन की पत्नी ज्योति ने उसे रोक लिया। आरोप है कि ज्योति ने नंदकिशोर से कहा कि उसकी शादी नहीं हुई है और न ही कोई संतान है, इसलिए वह अपने हिस्से का मकान और प्लॉट उसके नाम कर दे। नंदकिशोर ने जब ऐसा करने से इनकार किया तो ज्योति गाली-गलौज पर उतर आई। इसके बाद उसने पीछे से हंसिए से हमला कर दिया।

हमले में नंदकिशोर की गर्दन और बाएं हाथ में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। शोर सुनकर छोटा भाई लखन बीच-बचाव के लिए पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान ज्योति ने धमकी दी कि यदि मकान उसके नाम नहीं किया तो वह जान से खत्म कर देगी। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपित ज्योति के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3),118(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक