home page

राजगढ़: महिला की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज

 | 
राजगढ़: महिला की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज


राजगढ़, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम आगर में गेहूं साफ करने की मशीन में साड़ी फंसने से हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 9 अप्रैल की है, जब मजदूर परिवार खेत में ट्रैक्टर से संचालित गेहूं साफ करने की मशीन लगाकर काम कर रहा था। इसी दौरान ग्राम आगर निवासी 52 वर्षीय गीताबाई की साड़ी मशीन के पट्टे में फंस गई, जिससे उनके गले में फंदा लग गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन बंद कर महिला को बाहर निकाला। परिजन उन्हें इलाज के लिए पहले नरसिंहगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि ट्रैक्टर से जुड़ी मशीन के लापरवाहीपूर्वक संचालन के कारण यह हादसा हुआ। इसके आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक मांगीलाल जाट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 289 और 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस पूरे मामले में मलावर पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक