राजगढ़ः नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, आरोपित फरार
राजगढ़, 23 जून(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित की शिकायत पर मौके से फरार आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार, भोजपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित ने बताया कि सोमवार की रात ग्राम मानपुरा निवासी रामदयाल अहिरवार उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद वह उसे गांव के पास एक सुनसान कच्चे रास्ते की ओर ले गया, जहां उसके साथ गलत काम किया। वारदात के बाद आरोपी ने किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 65(1), 87, 351(3) बीएनएस और 3/4 पाॅक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

