राजगढ़ः गुटखा पाउच के पैसे न देने पर बुजुर्ग मां से मारपीट, बेटे पर केस दर्ज
राजगढ़, 06 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के अपना नगर और ग्राम निवानिया में दो अलग-अलग घटनाओं में बेटों द्वारा अपनी बुजुर्ग माताओं के साथ मारपीट एवं धमकी देने के मामले में सोमवार को आरोपित बेटों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला ब्यावरा शहर के अपना नगर का है, जहां 65 वर्षीय संध्या अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रविवार की रात उनका बेटा प्रदीप गुटखा पाउच के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इंकार करने पर आरोपित ने अपनी मां के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने बेटे प्रदीप के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।
दूसरा मामला ग्राम निवानिया का है, जहां 55 वर्षीय कांताबाई यादव ने बताया कि रात में उनके बेटे लखन ने उनसे पैसे की मांग की। इंकार करने पर उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने लखन के खिलाफ धारा 296, 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

