राजगढ़ः शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाने का आरोप, केस दर्ज
राजगढ़, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को जीरापुर निवासी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार महिला ने शिकायत में बताया कि जीरापुर निवासी शाहरुख खान ने उससे शादी करने का वादा किया था। युवक की बातों पर भरोसा करने के बाद दोनों के बीच संबंध बने। महिला का आरोप है कि करीब दो माह पहले खिलचीपुर स्थित उसके घर पर युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला के अनुसार घटना के बाद उसने युवक से शादी करने की बात कही, लेकिन वह कथित तौर पर शादी से मुकर गया। इसके बाद महिला ने खिलचीपुर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मौके से फरार आरोपित युवक के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।आरोपित की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीम भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित के मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

