राजगढ़ः महिंद्रा शोरूम की ब्रांच मैनेजर ने जीएम पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
राजगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में महिंद्रा शोरूम की ब्रांच मैनेजर ने कंपनी के जनरल मैनेजर पर एक माह से पीछा करने, अभद्रता और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने बुधवार को आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार फरियादिया ब्यावरा निवासी है और महिंद्रा शोरूम में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि 18 अगस्त को कुरावर में कंपनी की थार और पिकअप गाड़ियों के डेमो के बाद वह जनरल मैनेजर कुलदीपसिंह कुशवाह के साथ डेमो वाहन से ब्यावरा लौट रही थी। शाम करीब 5 बजे ब्यावरा-नरसिंहगढ़ रोड स्थित टोल के पास आरोपित ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर घटना किसी को बताने पर नौकरी से निकलवाने की धमकी देने का आरोप है। शोरूम पहुंचने के बाद महिला ने स्टाफ को घटना की जानकारी दी। उसने कंपनी के एमडी कुलदीप समाधिया को भी फोन पर मामले से अवगत कराया।
फरियादिया का आरोप है कि एमडी ने भी मामला दबाने की बात कही। महिला के अनुसार 25 अगस्त को दोबारा बात करने पर एमडी ने कथित तौर पर गाली-गलौच की और रिपोर्ट करने पर फंसाने, नौकरी से निकालने तथा जान से खत्म करने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ धारा 74, 75(1)(आई), 78(2), 296, 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच षुरु की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

