राजगढ़ः शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपित फरार
राजगढ़, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को पीड़ित की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय युवती इंदौर की एक चॉकलेट फैक्ट्री में काम करती है। उसकी पहचान करीब एक साल पहले ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र के बरखेड़ी निवासी सुमित पुत्र हरीओम गुर्जर से हुई थी। युवती का आरोप है कि 14 जनवरी को सुमित ने शादी करने का भरोसा दिलाकर उसे ब्यावरा बुलाया। यहां वह उसे शहर की एक लॉज में ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद आरोपित शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन अब उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। युवती की शिकायत पर ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने मौके से फरार सुमित पुत्र हरीओम गुर्जर के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

