home page

राजगढ़ः पुलिस के नाम पर 10 हजार रुपये वसूलने का आरोप, यूट्यूबर पर केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः पुलिस के नाम पर 10 हजार रुपये वसूलने का आरोप, यूट्यूबर पर केस दर्ज


राजगढ़, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस को रुपये देने के नाम पर 10 हजार रुपये वसूलने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुरुवार को शिकायत के आधार पर एक यूट्यूबर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सिविल अस्पताल के सामने चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करने वाले राजेश्वर जमींदार ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान की जर्जर छत का निर्माण कार्य चल रहा था। 7 जून की रात निर्माण के दौरान पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और रात में काम नहीं करने की हिदायत देकर लौट गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक अगले दिन जीरापुर की आवास कॉलोनी निवासी यूट्यूबर आशिक मंसूरी का फोन आया। उसने कहा कि निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराना है तो पुलिस को देने के लिए 10 हजार रुपये लगेंगे। उस समय राजेश्वर एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। उन्होंने अपनी पत्नी को रुपए देने के लिए कहा, जिसके बाद आरोपित ने 10 हजार रुपये ले लिए।

राजेश्वर का आरोप है कि दो दिन बाद जब उन्होंने निर्माण कार्य और दिए गए पैसों का हिसाब मांगा तो आशिक मंसूरी भड़क गया। उसने फोन पर गाली-गलौज की और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद जीरापुर पुलिस ने आरोपित आशिक मंसूरी के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक