home page

राजगढ़ः जादू-टोना के नाम पर महिला से ठगे दो मंगलसूत्र,नपाकर्मी को बेहोश कर उतरवाए टाॅप्स

 | 
राजगढ़ः जादू-टोना के नाम पर महिला से ठगे दो मंगलसूत्र,नपाकर्मी को बेहोश कर उतरवाए टाॅप्स


राजगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में दो अलग- अलग स्थानों पर दो महिलाओं को निशाना बनाकर बदमाशों ने सोने के जेवर उतरवाए और फरार हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु की।

पुलिस के अनुसार बारको सिटी ब्यावरा निवासी 22 वर्षीय पूजा पत्नी सोनू साहू ने बताया कि एक अज्ञात युवक पानी मांगने के बहाने घर में घुसा और जादू-टोना व पारिवारिक क्लेश की बात कहकर उसे गुमराह किया। व्यक्ति ने जादू-टोना के नाम पर महिला के गले से मंगलसूत्र उतरवा लिया, उसके बाद आरोपित ने चावल की पुड़िया मंगवाकर कहा कि घर में रखा दूसरा मंगलसूत्र भी ले आओ और कहा कि दोनों मंगलसूत्र को पूजन में रखकर दोष दूर किया जाएगा। पूजा को भ्रमित कर बदमाश दोनों मंगलसूत्र (कीमत 50 और 20 हजार रुपए) लेकर फरार हो गया।

दूसरी घटना में अज्ञात बदमाशों ने नपाकर्मी महिला को निशाना बनाया। जूना ब्यावरा निवासी 55 वर्षीय मेहताब पत्नी शिवनारायण मेवाड़े ने बताया कि वह नगरपालिका में कार्यरत है और बसस्टेंड स्थित प्याउ पर उनकी ड्यूटी थी, देर शाम वह ड्यूटी के बाद घर लौट रही थी तभी अहिंसाद्वार के समीप एक महिला व पुरुष मिले,जो उसे बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद उन्होंने अज्ञात पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। बदमाश उन्हें ऑटो में बैठाकर गुना बायपास ले गए और बेहोशी की हालत में कानों में पहने सोने के टॉप्स (कीमत लगभग 50 हजार रुपए) उतरवा लिए। महिला को देर रात होश आया तो उसने अपने आप को गुना बायपास के समीप पाया। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों घटनाओं के आरोपी कैद हुए है, जिसमें स्कूटी से जाता हुआ युवक तथा नपा कर्मचारी को ले जाने वाले महिला-पुरुष स्पष्ट दिखाई दे रहे है। पुलिस द्वारा इन आरोपितों की तस्वीरें सोशल मीडिया ग्रुप में साझा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक