home page

राजगढ़ः स्कूटर चोरी के शक में नाबालिग को रस्सी से बांधकर पीटा, ग्रामीणों पर केस दर्ज

 | 
राजगढ़ः स्कूटर चोरी के शक में नाबालिग को रस्सी से बांधकर पीटा, ग्रामीणों पर केस दर्ज


राजगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में स्कूटर चोरी के शक में ग्रामीणों ने 17 वर्षीय नाबालिग के हाथ पीछे रस्सी से बांध दिए, शर्ट उतरवा दी और चोरी का आरोप लगाकर बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आने के बाद पुलिस ने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार बुधवार रात खिलचीपुर में एसडीएम निवास के सामने रहने वाले भाजपा नेता विजय उर्फ बंटी शर्मा के घर के बाहर खड़ा स्कूटर चोरी हो गया था। इसकी जानकारी मिलने पर परिचितों और आसपास के लोगों ने वाहन की तलाश शुरू की। अगले दिन 17 वर्षीय नाबालिग वही स्कूटर लेकर हिनोतिया गांव पहुंचा। आरोप है कि रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर वह एक दुकान से पेट्रोल की केन लेकर भागने लगा, तभी ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों ने स्कूटर की पहचान होने पर इसकी सूचना मालिक को दी।

आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ लोगों ने नाबालिग के हाथ रस्सी से बांध दिए, उसकी शर्ट उतरवा दी और पूछताछ के नाम पर मारपीट की।वीडियो में नाबालिग दर्द से कराहता नजर आ रहा है, जबकि लोग उससे स्कूटर चोरी को लेकर सवाल कर रहे हैं। सूचना मिलने पर डायल- 112 की टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को भीड़ से छुड़ाकर खिलचीपुर थाने ले गई। मेडिकल परीक्षण में उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि नाबालिग का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उसने यह भी आरोप लगाया कि एक ढाबे पर एक व्यक्ति ने उसके कपड़े उतरवाकर गलत हरकत की, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत ने बताया कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। वहीं स्कूटर चोरी के मामले में नाबालिग के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक