कॉकरोच पार्टी के आंदोलन के दौरान पीएम माेदी को अपशब्द कहने वाली युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नोएडा, 30 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले हुए छात्र आंदोलन में जेन-जेड ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इस आंदोलन में शामिल युवाओं द्वारा तीखें व्यंग्य करने वाले पोस्टर से लेकर नारों की भरमार थी। लेकिन, इसी बीच कई युवाओं द्वारा पीएम माेदी समेत अन्य लोगों को बेहद गंदी-गंदी गालियां भी दी गई थीं। इस प्रोटेस्ट में आई एक लड़की का वीडियो खूब वायरल हुआ था, जिसमें वह पीएम मोदी को गंदी-गंदी गालियां दे रही थी। अब नोएडा पुलिस ने लड़की के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रधानमंत्री के खिलाफ कैमरे पर अभद्र टिप्पणी करने वाली युवती के खिलाफ नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में आज मुकदमा दर्ज कराया गया है। नोएडा के सेक्टर-168 स्थित सोसाइटी में रहने वाली युवती और उसके परिजन घटना के बाद से फरार हैं।
गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी शिकायतकर्ता स्मृति सिंह ने बताया कि वह सर्वोच्च न्यायालय में अधिवक्ता हैं। 23 जुलाई को उनके संज्ञान में आया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन के दौरान एक युवती द्वारा भारत के प्रधानमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। युवती ने न केवल संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि जानबूझकर लोक शांति भंग करने के उद्देश्य से ऐसा किया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, युवती की पहचान नोएडा के सेक्टर-168 स्थित लोट्स जिंग सोसाइटी निवासी रुचिका सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत शून्य अपराध संख्या पर मुकदमा दर्ज कर केस को दिल्ली ट्रांसफर कर दिया गया है। केस की विवेचना दिल्ली पुलिस द्वारा की जाएगी। वहीं, जानकारी मिली है कि युवती मूलरूप से फरीदाबाद के ऊंचागांव की रहने वाली है। वह ब्यूटी पार्लर संचालित करती है। उसने इसी वर्ष जनवरी में नोएडा में फ्लैट खरीदा था। थाना एक्सप्रेसवे के प्रभारी निरीक्षक अमित खारी ने गुरुवार काे बताया कि शून्य पर एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

