home page

डबल डेकर बस में आग लगने की घटना को सोशल मीडिया पर भ्रामक रूप से प्रसारित करने वाली युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 
डबल डेकर बस में आग लगने की घटना को सोशल मीडिया पर भ्रामक रूप से प्रसारित करने वाली युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज


नोएडा, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना जेवर क्षेत्र में डबल डेकर एसी बस में आग लगने की घटना को सोशल मीडिया पर बढ़ा -चढ़ाकर प्रसारित करने तथा इस घटना के पीछे आरएसएस और बीजेपी के लोगों का हाथ होने का दावा करने वाले 'एक्स हैंडल संचालक एक युवती के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में एक उप निरीक्षक ने आज मुकदमा दर्ज करवाया है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि उपनिरीक्षक सुमित कुमार ने आज सुबह को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर एक डबल डेकर बस में कल आग लग गई थी। जिसमें नौ लोगों की जलकर या दम घुटने से मौत हो गई थी। इस मामले में सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर रूमा खातून नामक युवती ने इसको बढ़ा- चढ़ाकर गलत ढंग से प्रसारित किया। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे पर भाजपा और आरएसएस के लोगों ने बस में आग लगा दी है। कम से कम 30 यात्रियों की मौत हुई है। सभी मुस्लिम और ईसाई यात्री थे। यह भाजपा और आरएसएस की संस्कृति है।

उसने भारत के प्रधानमंत्री के प्रति भी अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। उन्होंने बताया कि यह बस कश्मीरी गेट दिल्ली से महोबा जनपद जा रही थी। इसका नोएडा में कोई स्टॉपेज नहीं था। पोस्ट कर्ता द्वारा उक्त पोस्ट को भ्रामक रूप से प्रसारित किया गया जो की पूर्णतः असत्य वह भ्रामक है। इस कारण कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना पैदा हो गई। पोस्ट कर्ता ने एक सुनियोजित ढंग से झूठी व भड़काऊ सूचना का प्रसारण कर जन सामान्य में भय, आक्रोश और राज्य प्रशासन के प्रति अविश्वास की भावना उत्पन्न करने का प्रयास किया। आमजन को हिंसा, उपद्रव या कानून हाथ में लेने के लिए उकसाया। जिससे वास्तविक रूप से लोक शांति भंग होने की स्थिति को नकारा नहीं जा सकता। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी