युवती के अपहरण मामले में दो नामजद सहित अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती बीते चार दिन से गायब है। लापता युवती का सुराग न लगने पर इस मामले में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दो नामजद सहित अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
मौदहा कस्बा निवासी एक भाई ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीते चार दिन पहले जब वह एक रिश्तेदारी में मध्य प्रदेश गए थे और घर में उसकी मां और बहन थी। तभी बड़ा कसौडा निवासी खालिक कुरैशी पुत्र दन्ना, इकराम नाई पुत्र गुलाम और मोहल्ले के कुछ अज्ञात युवक उसकी बहन को बहला फुसलाकर भगा ले गये हैं।
पीड़ित ने बताया कि उसकी बहन की अप्रैल महीने में शादी होना था, जिसके लिए घर में लाखों रुपये नकदी और लाखों के जेवरात रखे थे वह भी गायब हैं। इतना ही नहीं मुख्य आरोपित खालिक कुरैशी का भाई बीते लगभग दो दशक पहले मोहल्ले की दो लड़कियों के अपहरण का मुख्य आरोपी था। जिन्हें लगभग छह महीने बाद मौदहा पुलिस ने दिल्ली के रेड लाइट एरिया से बरामद किया था। इस मामले में आरोपित का भाई जलालुद्दीन सजा पर है। पीड़ित ने आरोपितों का संबंध मानव तस्करों से होने और अपनी बहन की हत्या या वेश्यावृत्ति के दलदल में फंसाने की आशंका जताई है।
मौदहा कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

