छात्रा से छेड़छाड़ और ले जाने की कोशिश, ई-रिक्शा चालक पर मुकदमा दर्ज
कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित नाबालिग ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाराजपुर थाना क्षेत्र निवासी किसान की बेटी चकेरी के एक विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा है। पिता के मुताबिक, जाजमऊ के वाजिदपुर निवासी नाबालिग ई-रिक्शा चालक स्कूल आने-जाने के दौरान किशोरी पर टिप्पणियां करता था। आरोप है कि बुधवार को छुट्टी के बाद घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही छात्रा को चालक ने घर छोड़ने का झांसा देकर ई-रिक्शा में बैठा लिया। कुछ दूर सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। घर पहुंचकर छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पिता ने पुलिस से शिकायत की।
बताया गया कि जाजमऊ पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। बाद में घटनास्थल चकेरी क्षेत्र में होने के कारण मामला चकेरी पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के प्रांत संयोजक अमरनाथ ने आरोप लगाया कि चालक के परिवार के खिलाफ पहले भी हिंदू विरोधी गतिविधियों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। वहीं, पीड़िता के परिजनों ने भी मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

