सरकारी राशन की कालाबाजारी में कोटेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सरकारी खाद्यान की कालाबाजारी के मामले में शनिवार को राशन विक्रेता के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
राठ के पूर्ति निरीक्षक अभय उपाध्याय ने इकठौर ग्राम पंचायत के सचिव धर्मेन्द्र कुमार के साथ गांव के राशन विक्रेता (कोटेदार) मंगल सिंह की दुकान में छापेमारी की। जांच में बड़ी मात्रा में गेंहू, चावल, ज्वार और चीनी स्टाक रजिस्टर में कम पायी जाने पर जांच टीम दंग रह गई। इस मामले को लेकर पूर्ति निरीक्षक ने राठ कोतवाली में राशन विक्रेता मंगल सिंह के खिलाफ काेतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
पूर्ति निरीक्षक ने शनिवार को शाम बताया कि जांच में राशन की दुकान में 18.6 कुंटल गेहूं, 28.40 कुंटल चावल, 12.86 कुंटल ज्वार व 12 किलोग्राम चीनी स्टाक में नहीं मिली। बताया कि ये खाद्यान्न की कालाबाजारी की गई है। जांच के बाद कोटेदार (राशन विक्रेता) के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा लिखाया गया है।-----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

