न्यायालय के आदेश पर तीन लाेगाें पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला पुलिस ने धोखाधड़ी कर दूसरे को प्लाॅट बेचने के आरोप में सोमवार को न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना मझोला क्षेत्र के जयंतीपुर शिवनगर निवासी पीड़ित रविंद्र सहदेव पवार ने न्यायालय में वाद दर्ज कर तीन लोगों पर धोखाधड़ी कर प्लॉट दूसरे को बेचने का आरोप लगाया था। पीड़ित ने कोर्ट को बताया कि 13 फरवरी 2019 को शिवनगर बर्फ खाना के पास मोहम्मद आकिल से 2.15 लाख में प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि अप्रैल 2021 में आकिल ने इस प्लॉट को मधु मीरा को भी बेच दिया। मधु ने दाखिल खारिज कराकर प्लॉट पर कब्जा कर लिया। जानकारी करने पर पता चला कि मोहम्मद आकिल ने अपने साथी जावेद और मुबारक अली के साथ मिलकर साजिश के तहत प्लॉट के गाटा संख्या - 223 के जगह 222 का बैनामा किया है।
शिकायत पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में रविंद्र ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में भी शिकायत की। फिर भी पुलिस अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने सुनवाई के बाद मझोला पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

