साइबर बज्र के तहत अपराधियों को म्यूल खाता उपलब्ध करवाने वाले 14 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नोएडा, 14 जुलाई (हि.स.)। नोएडा पुलिस ने ऑपरेशन साइबर बज्र के तहत साइबर ठगों को म्यूल खाता उपलब्ध करवाने वाले 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन खातों के माध्यम से साइबर अपराधियों ने लोगों से ठगी गई रकम को इधर से उधर ट्रांसफर किया था।
थाना एक्सप्रेस-वे के प्रभारी अमित खारी ने बताया कि उपनिरीक्षक अभिषेक ने सोमवार की बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि म्यूल अकाउंट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के जांच में पता चला कि सरस मुकुंद के नाम से एक बैंक अकाउंट खोला गया था। इस बैंक अकाउंट का पता सेक्टर 90 स्थित एक कमर्शियल माल का है। जब जांच की गई तो पता चला कि नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर खाताधारक के खिलाफ कई शिकायत दर्ज हैं।
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि बीती रात को उपनिरीक्षक मोहित कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साइबर मुख्यालय से थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराधी कर रहे हैं। जांच में यह खाता इंडसइंड बैंक का निकाला। बैंक खाते के खिलाफ विभिन्न साइबर पोर्टल पर 44 शिकाई थे प्राप्त है। खाताधारक के खिलाफ थाना सेक्टर 24 में आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। एक अन्य मामले में उप निरीक्षक मोहित कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि इंडसइंड बैंक के एक खाते का प्रयोग साइबर अपराधियों ने किया है। इस खाते पर एनसीआरपी पोर्टल पर 9 शिकायतें दर्ज हैं।
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया की बीती रात को उप निरीक्षक योगेश कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साइबर मुख्यालय से थाना सेक्टर 39 पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बैंक खातों का उपयोग साइबर अपराधी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि एनसीआरपी पोर्टल पर उक्त खातों के खिलाफ शिकायत दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि कुल तीन खाता धारकों के खिलाफ उप निरीक्षक ने बीती रात को आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है।
एक अन्य मामले में उप निरीक्षक धीरज सारस्वत ने सोमवार की बीती रात को सरिता देवी व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि इनका इंडियन ओवरसीज बैंक में खाता है। इस खाते का प्रयोग म्यूल खाते के रूप में प्रयोग किया जा रहा था। साइबर अपराधियों द्वारा ठगी गई लाखों रुपए ट्रांसफर इन खातों मे हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 49 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बीती रात को उपनिरीक्षक लोकेश कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साइबर बज्र अभियान के तहत म्यूल अकाउंट की जांच कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सेक्टर 51 स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की शाखा में पहुंचकर जानकारी की गई तो पता चला की संध्या का खाता जो कि उनकी बैंक में है, उसका उपयोग साइबर अपराधी कर रहे हैं। म्यूल खाता धारक के खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में उप निरीक्षक आशु चौधरी ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साइबर बज्र अभियान के तहत म्यूल अकाउंट खातों की जांच की जा रही थी। उन्होंने बताया कि जांच की गई तो पता चला कि बंधन बैंक के कर्मचारी अमित कुमार ने एक अकाउंट फर्जी तरीके से खुलवाया था। उसके खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
थाना फेस -वन के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि बीती रात को उपनिरीक्षक रवि यादव ने सौरभ नामक व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि साइबर बज्र अभियान के तहत जांच पर पता चला कि उक्त व्यक्ति ने सेंट्रल बैंक आफ इंडिया में एक म्यूल खाता खुलवाया, जिसका उपयोग साइबर अपराधी कर रहे थे। एक अन्य मामले में बीती रात को उपनिरीक्षक शिवम चतुर्वेदी ने शुभम जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उक्त व्यक्ति ने इंडियन ओवरसीज बैंक में एक म्यूल खाता खुलवाया, जिसका उपयोग साइबर अपराधी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अन्य मामले में उपनिरीक्षक सुनील यादव ने अनिकेत मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति ने एक म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाया है, जिसका उपयोग साइबर अपराधी लोगों से ठगी करने के लिए कर रहे हैं।
थाना सेक्टर- 113 के प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को उप निरीक्षक संजय कुमार ने सुलोचना देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि आरोप है कि उन्होंने एक म्यूल खाता खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध करवाया। यह खाता सेक्टर 77 स्थित बंधन बैंक में है। बीती रात को उप निरीक्षक शिवकुमार चौहान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ लोगों ने चार बैंक अकाउंट फर्जी तरीके से खुलवाया तथा उसका उपयोग साइबर अपराधी लोगों से धोखाधड़ी कर रकम ट्रांसफर करवाने के लिए कर रहे हैं।
थाना सेक्टर 126 के प्रभारी ने बताया कि उप निरीक्षक करन सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच करने पर पता चला कि एक बैंक खाते का उपयोग साइबर अपराधी कर रहे हैं। खाताधारक के खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के एक खाते का उपयोग साइबर अपराधी कर रहे हैं। इसके खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 6 शिकायतें दर्ज हैं। खाताधारक के खिलाफ आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

