home page

साइबर ठगी में संलिप्त चार म्यूल खाता धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 | 
साइबर ठगी में संलिप्त चार म्यूल खाता धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


नोएडा, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा में साइबर ठगी में प्रयोग होने वाले चार म्यूल खाता धारकों के खिलाफ थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि उप निरीक्षक आयुषी मिश्रा ने आज थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि म्यूल खातों की जांच के दौरान उन्हें पता चला कि यूको बैंक की शाखा मकोड़ा गांव में मनीष नागर ने एक बैंक में खाता खुलवाया है। उसमें साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त खाते के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में उपनिरीक्षक आयुषी मिश्रा ने प्रिंस भाटी पुत्र राजेंद्र भाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि इन्होंने प्रिया गोल्ड फैक्ट्री के पास स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में एक खाता खुलवाया था, जिसका दुरुपयोग साइबर अपराधियों ने किया है। इस खाते की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज है। उन्होंने बताया कि एक मामले में उपनिरीक्षक आयुषी मिश्रा ने अंकित कुमार के खिलाफ थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके अनुसार उन्होंने एक खाता एचडीएफसी बैंक में खुलवाया है। उसका दुरुपयोग साइबर अपराध में हुआ है। उन्होंने बताया कि उक्त खाते के खिलाफ एनसीईआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि एक अन्य मामले में उपनिरीक्षक आयुषी मिश्रा ने गौरव कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। इन्होंने यूको बैंक ग्राम मकोड़ा स्थित ब्रांच में एक खाता खुलवाया है, जिसका उपयोग साइबर अपराधियों ने लोगों के साथ ठगी करने में किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी