कलेक्ट्रेट से अज्ञात बाबू के रिश्वत मांगने के मामले में मुकदमा दर्ज
डीएम के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी ने लिखाई रिपोर्ट
हमीरपुर, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के जिलाधिकारी आफिस से अज्ञात युवक के जमीन संबंधी मामले में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का प्रकरण सोशल मीडिया में वायरल होते ही कलेक्ट्रेट में हड़कंप मच गया है। इस मामले में डीएम के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी ने रविवार को साईबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
यूटा संगठन के जिला मंत्री रत्नेश सिंह ने अनिल शर्मा नाम के बाबू पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप लगाए है। उसने आरोप लगाया कि जमीन संबंधी फाइल की स्वीकृति के लिए अनिल शर्मा नाम के बाबू ने उन्हें फोन किया। उसने 20 हजार रुपये की मांग करते हुए बार कोड भेजा गया। रिश्वत मांगने का आडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर प्रशासन के अधिकारियों में हलचल मच गई।
पीड़ित ने रविवार को इस मामले की तहरीर साईबर थाना कोतवाली में दे दी है। इधर, डीएम घनश्याम मीना ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए है। कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी अवधेश अवस्थी ने इस मामले में अनिल शर्मा नाम के जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

