सरकारी शिक्षिका से नजदीकी बढ़ाकर हड़पे गहने व नकदी, आरोपित दंपति और बेटे पर केस दर्ज
मुरादाबाद, 01 जून (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र के नया मुरादाबाद क्षेत्र निवासी सरकारी शिक्षिका से एक व्यक्ति ने नजदीकी बढ़ाई और पति की तरह उसके साथ रहा। बाद में गहने और रुपये लेकर हड़प लिए। शिक्षिका ने रुपये देने बंद कर दिए तो आरोपित ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ उसके घर में घुसकर मारपीट की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में शिक्षिका की तहरीर पर थाना मझोला पुलिस ने सोमवार को आरोपित दंपति और उसके बेटे पर केस दर्ज किया है।
थाना मझोला के नया मुरादाबाद क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह सरकारी शिक्षका है। उसके दो बच्चे गुरुग्राम में रहते हैं जिससे वह घर में अकेली रहती है। पीड़िता के अनुसार साल 2021 से मझोला के ही कांशीराम नगर निवासी अभिषेक शर्मा ने उसके घर आना-जाना शुरू किया था। आरोपित ने नजदीकियां बढ़ाई और पीड़िता के पति की तरह उसके साथ रहना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार अभिषेक उससे रुपये ओर गहने लेता रहा। कुछ समय पहले पीड़िता को पता चला कि अभिषेक पहले से शादीशुदा है तो उसने उसे जेवर ओर रुपये देने बंद कर दिए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बीते 12 मई की रात आरोपित अभिषेक अपनी पत्नी महिला को लेकर उसके घर में कूदकर घुस आया और गाली गलौज कर गेट तोड़कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 24 मई को रात 11ः20 बजे आरोपित की पत्नी महिमा ने कांशीराम नगर में पीड़िता के साथ मारपीट की। उसके अगले दिन 25 मई को आरोपित अभिषेक ने समझौते की बात करने के बहाने पीड़िता को अपने घर बुलाकर पत्नी महिमा और बेटे मेघांस से उसे पिटवाया। 25 मई को ही अभिषेक और उसके साथी ने शिक्षिका और उसकी बेटी के साथ गागन तिराहे पर मारपीटकर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी थी ।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपित अभिषेक शर्मा, उसकी पत्नी महिमा और बेटे मेघांस के खिलाफ मझोला थाने में केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

