सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ गाली वाले ऑडियो को लेकर प्रकरण दर्ज, एसएचओ ने दी थाने में रिपोर्ट
चित्तौड़गढ़, 28 मई (हि.स.)। प्रदेश के सहकारिता मंत्री एवं बड़ीसादड़ी विधायक गौतम दक का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। वायरल ऑडियो में मंत्री पर पुलिस अधिकारियों के साथ गाली-गलौज और धमकाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी बीच गुरुवार रात को मामले में नया मोड़ आ गया। डूंगला थाना प्रभारी शैतान सिंह की ओर से सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया गया है।
बड़ीसादड़ी डिप्टी देशराज कुलदीप ने बताया कि एसएचओ की और से दी गई शिकायत के अनुसार डूंगला थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 18/2026 के अनुसंधान के दौरान आरोपी धनराज खारोल को पूछताछ के लिए तलब किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने पुत्र एवं अन्य परिजनों को पेश करने से इनकार करते हुए राजनीतिक पहुंच का हवाला दिया और मंत्री से शिकायत करने की बात कही। इसके बाद पूर्व सरपंच चंद्रशेखर शर्मा ने भी पुलिसकर्मी को फोन कर मंत्री का नाम लेते हुए धमकाने का आरोप लगाया गया है। एफआईआर के अनुसार गत 25 मई को सहकारिता मंत्री गौतम दक ने थाना परिसर के बाहर थानाधिकारी को बुला कर दो कांस्टेबल को सामने बुलाने के लिए कहा। आरोप है कि मंत्री ने बिना कोई पक्ष सुने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा मारपीट का प्रयास करते हुए राजकार्य में बाधा उत्पन्न की। साथ ही पुलिसकर्मियों को ट्रांसफर कराने एवं “इलाज” करने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। थानाधिकारी द्वारा रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि घटना से वह मानसिक रूप से आहत हो गए और दो दिन बाद पूरे घटनाक्रम से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले में सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 351(2) एवं 352 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि कथित गाली वाले ऑडियो के मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट जगपुरा ने भी मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं दूसरी ओर सहकारिता मंत्री गौतम दक ने वीडियो जारी कर वायरल ऑडियो को एआई तकनीक से एडिटेड और छेड़छाड़ किया हुआ बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

