किशोरी के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोपित कैंटीन संचालक शोएब पर केस दर्ज
मुरादाबाद , 22 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खरीदारी करने के लिए गई किशोरी के साथ कैंटीन संचालक शोएब ने पकड़ कर अश्लील हरकतें की। इस मामले में तहरीर के बाद बुधवार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने मुकदमा दर्ज कराया कि 21 अप्रैल की दोपहर उनकी 13 साल की बेटी पड़ोस में ही कैंटीन पर सामान खरीदने गई थी। कैंटीन के संचालक शोएब पुत्र यामीन ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे पकड़कर अंदर ले गया और गेट बंद कर दिया। शोर मचाने पर आरोपित ने किशोरी को छोड़ा, उसके बाद किशोरी छत पर चली गई, पड़ोसी की छत से होकर घर पर पहुंची और घटना की जानकारी दी।
ठाकुरद्वारा सर्किल के क्षेत्राधिकारी आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में पिता की तहरीर पर आरोपित युवक के खिलाफ आज मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

