दोनों पक्षों के बीच पथराव में महिला की मौत सिर की हड्डियां टूटने से हुई थी, बाप बेटे समेत तीन पर केस
मुरादाबाद, 06 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के बीजना में होली खेलने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें पत्थर लगने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि मृतका के सिर की हड्डियां टूट गई थीं और अधिक खून बह जाने से उसकी मौत हुई थी। मामले में आज थाना भोजपुर पुलिस ने तहरीर पर बाप-बेटे समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भोजपुर के बीजना निवासी मुकुट सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव में होली खेली जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी जागन सिंह के परिवार के बच्चों से हमारे परिवार के बच्चों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि जागन सिंह, उनके बेटे राजीव और रिंकू के साथ लाठी-डंडे लेकर गया और उसने हमारे परिवार के लोगों पर हमला कर दिया था।
इस दौरान आरोपियों ने पथराव भी किया। इस मामले में मुकुट सिंह के पिता रामकिशोर, मां लक्ष्मी देवी और बहन किरण गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थर लगने से लक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट लगी। परिजनों ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां गुरुवार को उपचार के दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस ने महिला के शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि लक्ष्मी के सिर की हड्डियां टूट गई थीं और अधिक खून बह जाने से उसकी मौत हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर शुक्रवार को तीन आरोपित लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

