home page

रायपुर : कार चढ़ाकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपित भरत मंगनानी ने किया आत्मसमर्पण

 | 
रायपुर : कार चढ़ाकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपित भरत मंगनानी ने किया आत्मसमर्पण


रायपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित भरत मंगनानी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

बुधवार को पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को आमानाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि, प्रार्थी के भांजे परमजीत रणगण्ही की आरोपित भरत मंगनानी ने जानबूझकर कार चढ़ाकर हत्या कर दी। बताया गया कि, परमजीत की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ कार से टाटीबंध पहुंची थी।

गुरुद्वारा के पास शिखा साहू और परमजीत रणगण्ही की मुलाकात हुई, जहां भरत मंगनानी भी मौजूद था। बातचीत के दौरान भरत का परमजीत से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद भरत ने नाराज होकर परमजीत की हत्या करने की नीयत से तेज गति से कार चलाते हुए उसके ऊपर चढ़ा दी। हादसे में परमजीत को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

घटना के बाद आरोपित कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल परमजीत को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर आमानाका थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना के बाद से पुलिस टीम आरोपित की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से भी आरोपित की तलाश की जा रही थी।

पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के चलते भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपित से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर