जातरूओं की सेवा कर लौट रहे पांच दोस्तों को कार ने मारी टक्कर, दो की मौत
जोधपुर, 12 सितम्बर (हि.स.)। शहर के निकटवर्ती नारवा रोड पर देर रात सडक़ हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। एक ही हालत गंभीर बनी है। सभी लोग बाइक और इलेक्ट्रीक स्कूटी पर सवार थे। पीछे से आई कार ने उन्हें चपेट में लिया था। आरंभिक पड़ताल में सामने आया कि यह लोग बाबा के जातरूओ की सेवा कर भंडारे से लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची सूरसागर पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। मार्ग पर एक कट बना है, ऐसे में आशंका है कि इस कारण से भी यह हादसा हुआ होगा।
सूरसागर थानाधिकारी हरीशचंद्र सोलंकी ने बताया कि सोजती गेट भील बस्ती निवासी महेंद्र पुत्र दौलाराम भील की तरफ से मामला दर्ज कराया गया। इसमें बताया कि उसका भाई 25 वर्षीय अजय और रिश्तेदार समदड़ी निवासी 18 साल का उम्मेदराम, 30 वर्षीय राहुल भील, हिमेश और जतिन दाधीच बाबा के भंडारे में जातरूओं की सेवा के लिए नारवा से आगे गए थे। रात 12 बजे यह लोग अपनी बाइक और इलेक्ट्रीक स्कूटी पर सवार होकर भंडारे से वापिस लौट रहे थे। तब नारवा के पास गोयलों की ढाणी के निकट पीछे से आ रही एक कार के चालक ने उन्हें चपेट में ले लिया।
थानाधिकारी हरीशचंद्र सोलंकी ने बताया कि हादसे में सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए, जिनमें अजय और उम्मेद की मौत हो गई। इसमें बागर चौक उम्मेद चौक निवासी जतिन दाधीच की हालत गंभीर बनी है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। इस बारे में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

