home page

कार चालक ने मालिक का तोड़ा भरोसा, कार से नौ लाख रुपया किया चोरी, गिरफ्तार

 | 
कार चालक ने मालिक का तोड़ा भरोसा, कार से नौ लाख रुपया किया चोरी, गिरफ्तार


नोएडा, 20 जुलाई (हि.स.)। अलीगढ़ जिले में एक हार्डवेयर कारोबारी के 12 साल पुराने भरोसेमंद चालक ने उनका विश्वास तोड़ दिया। परिवार के साथ नोएडा खरीदारी करने आए कारोबारी की कार से चालक नौ लाख रुपये से भरा हुआ बैग चोरी करके फरार हो गया था। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर साेमवार काे महज दो दिन के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है।

अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि अलीगढ़ निवासी कारोबारी सुधीर बंसल 18 जुलाई को परिवार के साथ नोएडा के एक मॉल में खरीदारी करने आए थे। उनके साथ चालक कपिल भी मौजूद था। कारोबारी ने नौ लाख रुपये से भरा बैग कार में रखा था। परिवार के मॉल में जाने के दौरान चालक मौका देखकर बैग लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच की। सोमवार को लाल पैथ लैब के सामने स्थित पार्क से आरोपित कपिल को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी किए गए पूरे नौ लाख रुपये और एक चाकू बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से कारोबारी के यहां चालक के रूप में काम कर रहा था। इतने वर्षों में मालिक ने उस पर कभी संदेह नहीं किया। कार में एक साथ इतनी बड़ी रकम देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसने रुपये चुराकर पहले अपना कर्ज चुकाने और फिर दुकान खोलकर कारोबार शुरू करने की योजना बनाई थी। शक से बचने के लिए उसने इस योजना में किसी अन्य व्यक्ति को शामिल नहीं किया।

पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि रुपये चोरी होने से अधिक पीड़ा उन्हें इस बात की है कि जिस चालक को परिवार का सदस्य माना, उसी ने विश्वासघात किया। पुलिस का कहना है कि चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी