home page

डोडा-पोस्त से भरी कार पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार

 | 
डोडा-पोस्त से भरी कार पकड़ी, तस्कर गिरफ्तार


39 किलो डोडा-पोस्त और ऑल्टो कार जब्त

जोधपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर कमिश्नरेट की डांगियावास थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 39 किलोग्राम डोडा-पोस्त और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार जब्त की है। आरोपित बालोतरा जिले का रहने वाला है, जो जोधपुर के ग्रामीण इलाकों में डोडा पोस्त की सप्लाई करने आ रहा था। डीसीपी पूर्व मनीष चौधरी, एडीसीपी नरेंद्र सिंह देवड़ा, एसीपी अनिल शर्मा की मॉनिटरिंग में टीम ने कार्रवाई ने कार्रवाई की।

डांगियावास थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि जालेली फौजदार सरहद पर गश्त और सघन नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की ऑल्टो कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने रफ्तार और बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 39 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने कार और मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपित डोली कला, थाना कल्याणपुर जिला बालोतरा निवासी दिनेश पुत्र मोहकमराम विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दिनेश घर में सबसे बड़ा है और उसके माता-पिता बुजुर्ग हैं। घर में कोई और कमाने वाला नहीं था। जल्द और ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में वह इलाके के कुछ मादक पदार्थ तस्करों के संपर्क में आया और उनके साथ मिलकर खुद भी तस्करी के इस काले कारोबार में उतर गया। फिलहाल पुलिस आरोपित से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह खेप कहां से लाया था और जोधपुर में किसे सप्लाई करने वाला था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश