शाजापुर: बिजली पोल से टकराई तेज रफ्तार कार, पोल गिरने से कांवड़ यात्रा में शामिल महिला की मौत
शाजापुर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में सावन के चौथे सोमवार को मक्सी-सिरोलिया मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झरनेश्वर महादेव मंदिर के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूटकर सड़क किनारे कांवड़ लेकर जा रही दो महिलाओं पर जा गिरा। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई और इसके बाद खंती में पलट गई। टक्कर से टूटा बिजली का पोल कांवड़ यात्रा में शामिल दोनों महिलाओं के ऊपर जा गिरा।
हादसे में उज्जैन जिले के ग्राम बारडवा निवासी 63 वर्षीय श्यामू बाई पत्नी ईश्वरलाल और राधा बाई पत्नी बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने श्यामू बाई को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि राधा बाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना मक्सी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एएसआई रघुवंशी ने बताया कि दुर्घटना स्थल का मुआयना किया गया है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मंगल नाहर

