home page

केंट में तेज रफ्तार क्रेटा का कहर, बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मारकर रौंदा, हालत गंभीर

 | 
केंट में तेज रफ्तार क्रेटा का कहर, बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मारकर रौंदा, हालत गंभीर


जबलपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में केंट थाना क्षेत्र में शिवाजी ग्राउंड के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर उछलकर गिर पड़े और कार उन्हें रौंदते हुए निकल गई। हादसे में दोनों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को रसल चौक स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, कटंगी निवासी वैदिक जैन अपने दोस्त की बुलेट बाइक क्रमांक एमपी 20 एनक्यू 2822 से युवती श्रेया को लेकर दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने शहर आया था। शहर में घूमने के बाद दोनों सदर क्षेत्र पहुंचे और दर्शन कर लौट रहे थे। रात करीब एक बजे जब वे शिवाजी ग्राउंड के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई क्रेटा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक-युवती उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद कार उन्हें रौंदते हुए मौके से फरार हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घायलों को सड़क से किनारे किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही केंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के बाद फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक