दहेज में कार और 25 लाख रुपये नहीं मिलने पर पत्नी को दिया तीन तलाक, केस दर्ज
मुरादाबाद, 12 जुलाई (हि.स.)। जनपद के थाना मूंढापांडे के साहू नगला निवासी महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज में कार व 25 लाख रुपये नहीं मिलने पर प्रताड़ित करने और तीन तलाक देने का आरोप लगाया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर रविवार को थाना मूंढापांडे में थाना भोजपुर क्षेत्र निवासी पति, सास-ससुर समेत सात लाेगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मूंढापांडे थाने में साहू नगला निवासी यासमीन जहां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी भोजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी शम्मे आलम के साथ 24 अप्रैल 2024 को हुई थी। शम्मे आलम मध्य प्रदेश के इंदौर में रहता है। शादी के कुछ समय बाद ससुरालियों ने दहेज में कार और 25 लाख रुपये की मांग की थी। 17 अप्रैल 2026 को पति ने उसके साथ मारपीट की और तीन तलाक दे दिया।
क्षेत्राधिकारी हाईवे वरुण कुमार ने बताया कि मामले में आज तहरीर के आधार पर पति शम्मेआलम, सास कमर जहां, ससुर मासूम अली, ननद सुहाले नूरी, देवर शाहनवाज, शानेआलम और शादाब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

