पांवटा साहिब में दुकान से 696 नशीले कैप्सूल बरामद
नाहन, 19 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक परचून की दुकान से प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल को स्पेशल डिटेक्शन टीम को सूचना मिली थी कि थाना माजरा क्षेत्र के गांव कोलर में एक व्यक्ति अपनी परचून की दुकान से अवैध रूप से नशीले पदार्थ बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान दुकान में रखी एक गत्ते की पेटी से PROXIOHM-SPAS नाम के 29 स्ट्रिप्स में कुल 696 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। इसके साथ ही मौके से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी तपेन्द्र सिंह (52) निवासी गांव कोलर अपनी दुकान में इन दवाओं को रखने का कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। इसके बाद थाना माजरा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिन्त सिंह नेगी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

