पांवटा साहिब में कार से 4,796 नशीले कैप्सूल बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार
नाहन, 06 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 4,796 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को थाना पांवटा साहिब की डिटेक्शन सेल की टीम गश्त पर थी। इस दौरान टीम रैनबैक्सी चौक के पास मौजूद थी। तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा के अंबाला जिले के कालाआम्ब क्षेत्र का रहने वाला रवि, पुत्र शेर सिंह, अपनी कार संख्या HR04L-6828 में विकासनगर से पांवटा साहिब की ओर बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल लेकर आ रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 4,796 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी रवि के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीले कैप्सूल कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

