कैंटर ने मारी बाइक में टक्कर, महिला की मौत, पति घायल
नोएडा, 19 जून (हि.स.)। नोएडा के सिहानी गेट थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर बीती रात को तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसके पति घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान शुक्रवार काे महिला की मौत हो गई है, जबकि उनके पति का उपचार चल रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि नेहरू नगर निवासी निग्रह कुमार आर्य अपनी 46 वर्षीय पत्नी कल्पना आर्य के साथ 18 जून की रात बाइक पर सवार होकर भाटिया मोड़ पुल की ओर से राकेश मार्ग स्थित कमला क्वार्टर जा रहे थे। देर रात जब वह पंचवटी कालोनी के सामने स्थित क्रॉसिंग के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे कैंटर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर जा गिरे। हादसे में कल्पना आर्य व उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें शंकरलाल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते संतोष मेडिकल कॉलेज मे रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान कल्पना आर्य की शुक्रवार काे मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

