सुकमा में गांजा बिक्री के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपित गिरफ्तार
सुकमा 24 अगस्त (हि.स.)। सुकमा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने 22 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री के आरोप में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 2.780 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.37 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पहले मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वार्ड क्रमांक 04, देवीचौक पटनमपारा में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार जमील कुमार दास (42 वर्ष ) अपने घर के पीछे गांजा रखकर बिक्री कर रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और तलाशी ली। इस दौरान 1.510 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपित जमील कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया।
इसी क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य मामले में 1.270 किलोग्राम गांजा बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस के बताया कि पटनमपारा निवासी अखिलेश कश्यप (38 वर्ष) अपने घर के पीछे गांजा रखकर बिक्री कर रहा था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपित ने पुलिस को देखकर गांजा फेंककर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 1.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दोनों प्रकरणों में विवेचना जारी है। पुलिस ने नागरिकों से मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और भंडारण की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहन ठाकुर

