home page

01 करोड़ 64 लाख 50 हजार रुपये का गांजा बरामद, दाे तस्कर गिरफ्तार

 | 
01 करोड़ 64 लाख 50 हजार रुपये का गांजा बरामद, दाे तस्कर गिरफ्तार


देवरिया, 05 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना लार पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) गोरखपुर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने एक कंटेनर से भारी मात्रा में गांजा बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे का वजन 328.73 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 64 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई। गुरुवार को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर बजाज ऑटो चोरडीहा, लार के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कंटेनर संख्या HR38Z5407 को रोका गया। तलाशी लेने पर कंटेनर में लदी मक्का की बोरियों के अंदर पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 328.73 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमरजीत मुखिया पुत्र नरेश मुखिया निवासी वार्ड पनसीहा, थाना बहादुरपुर, जनपद दरभंगा (बिहार) तथा शैलेश गौड़ उर्फ गोलू पुत्र रामप्रीत निवासी वेलवा, थाना महुआडीह, जनपद देवरिया के रुप में हुई है।

इस संबंध में थाना लार में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना लार संतोष कुमार सिंह, उप निरीक्षक रमेश राम (थाना प्रभारी एएनटीएफ गोरखपुर), उप निरीक्षक रामअवतार यादव सहित थाना लार एवं एएनटीएफ गोरखपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक