home page

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में 4.59 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के छह आरोपित गिरफ्तार

 | 

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से 4 करोड़ से ज्यादा का गांजा बरामद किया है। साथ ही 6 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है।

सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने रविवार को बताया कि चौकी नागपुर और थाना पोड़ी पुलिस ने एनएच-43 पर रविवार काे नाकेबंदी के दौरान दो संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दोनों पिकअप वाहनों समेत कुल करीब 4.69 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपिताें में अनिल टोप्पो (26), राजित इंद्रवार (20), विनय टेटे (33) और अरुप मिर्धा (22) निवासी सुंदरगढ़, ओड़िशा, जबकि अलबिरनी (25) और सुनीता (22) निवासी कटनी, मध्य प्रदेश शामिल हैं।

पूछताछ में सामने आया है कि गांजे की यह बड़ी खेप ओड़िशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस अब मामले की विवेचना कर रही है, ताकि गांजे की सप्लाई करने वाले स्रोत से लेकर अंतिम गंतव्य तक जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल