जशपुर : एक करोड़ से अधिक के गांजे के साथ तीन कारें जब्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
जशपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा रेंज में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन कारों से कुल 552.16 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे और तीनों वाहनों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जिले भर में नाकाबंदी कर इस बड़े नशा सिंडीकेट का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) की शाम को की गई थी। पुलिस ने मंगलवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे नाकेबंदी शुरू की और रात तक अलग-अलग थाना क्षेत्रों में इन गाड़ियों को घेरा।इसके बाद 15 जुलाई 2026 (बुधवार) को जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी बड़ी कार्रवाई का आधिकारिक खुलासा किया।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व में संभाग के सभी जिलों के बीच बेहतर आपसी तालमेल और सूचनाओं के आदान-प्रदान के कारण नशे के सौदागरों के खिलाफ यह बड़ी कामयाबी मिली है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह से मिले इनपुट के आधार पर जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने यह जाल बिछाया था।
पहली बड़ी कार्रवाई कुनकुरी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक इनोवा कार (ओडी 17 जे 0205) में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर अम्बिकापुर की तरफ जा रहे हैं। जय स्तंभ चौक के पास घेराबंदी के दौरान कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे तेजी से भगाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया, तो चालक ग्राम बोड़ोछापर के पास पुटपुटी जंगल का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जब लावारिस गाड़ी की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे हुए 295 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 311.35 किलोग्राम और बाजार मूल्य लगभग 46.70 लाख रुपये है। पुलिस ने 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार समेत गांजे को गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया है और फरार आरोपित की तलाश जारी है।
इसी तरह की दूसरी बड़ी कार्रवाई बगीचा थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने नारायणपुर पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त नाकेबंदी की थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से एक ब्रेजा कार (ओडी 02 बीएच 9811) और एक अर्टिगा कार (ओडी 16 एन 9229) अम्बिकापुर की ओर बढ़ रही हैं। ग्राम मझगांव में डोडकी नदी के पास घेराबंदी देखकर ब्रेजा कार का चालक गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस ने अर्टिगा कार को घेरकर दो आरोपितों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान सचिन्द्र राउत (29 वर्ष) और मोहम्मद समीर (26 वर्ष), दोनों निवासी जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने कबूल किया कि वे मुख्य तस्करों की मदद के लिए कार से रेकी कर रहे थे। दोनों कारों की तलाशी में 240 पैकेटों से कुल 240.810 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 36.12 लाख रुपये) बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस पूरे ऑपरेशन में कुल 552.16 किलोग्राम गांजा (कीमत 82.82 लाख रुपये) और तीन कारें (कुल कीमत 38 लाख रुपये) जब्त की गई हैं। इस शानदार सफलता में उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम ब्रांच) भावेश समरथ, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल सहित कुनकुरी, नारायणपुर और बगीचा थाना प्रभारियों व स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। गौरतलब है कि जशपुर पुलिस जनवरी 2026 से लेकर अब तक नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस अवधि में पुलिस ने लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य का 1269.07 किलोग्राम गांजा, 13.50 लाख रुपये की कफ सिरप, ब्राउन शुगर, गांजे के पौधे और नशीले इंजेक्शन जब्त कर कुल 33 आरोपितों को जेल भेजा है, साथ ही तस्करी में शामिल 14 वाहनों को भी राजसात किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

