home page

(अपडेट) रायपुर : 50 किलो गांजा तस्करी मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक छह गिरफ्तार

 | 
(अपडेट) रायपुर : 50 किलो गांजा तस्करी मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक छह गिरफ्तार


(अपडेट) रायपुर : 50 किलो गांजा तस्करी मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार, अब तक छह गिरफ्तार


रायपुर, 18 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के थाना सिविल लाइन पुलिस ने 50 किलोग्राम गांजा और दो लाख रुपये की नगदी बरामदगी के मामले में शनिवार को दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पुलिस ने मयूर राजेन्द्र देसले और अनुराग सोनी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में अब तक कुल छह आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में कार्रवाई कर कार सवार हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश सरोज और हिमांशु दामले को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से बिक्री के लिए रखा 50 किलोग्राम गांजा और दो लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। इसके बाद जांच के दौरान राजकिशोर बेहरा उर्फ मिलन और रंजित उर्फ मयूर डिगल को भी गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को मयूर राजेन्द्र देसले और अनुराग सोनी की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। जांच में सामने आया कि, मयूर देसले ने गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई चारपहिया वाहन पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों को अनुराग सोनी के माध्यम से उपलब्ध कराई थी और इसके बदले कमीशन प्राप्त करता था।

वहीं, अनुराग सोनी उड़ीसा से गांजा लाकर रंजित डिगल और मिलन बेहरा के सहयोग से ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। इस कार्य के एवज में उसे कमीशन मिलता था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से एक-एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

आरोपितों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर