ओडिशा से गांजा सप्लायर गिरफ्तार, तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही रायपुर पुलिस
रायपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण में बैकवर्ड लिंक के आधार पर ओडिशा के सोनपुर से गांजा के कथित बड़े सप्लायर देवेंद्र साहू उर्फ गुल्लू साहू (51 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के आगे सर्विस रोड के पास कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था। आरोपितों के कब्जे से 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इसके साथ ही गांजा तस्करी में प्रयुक्त 6 चक्का ट्रक तथा ट्रक में लोड हैवी मशीनरी सहित कुल करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया था।
मामले में पुलिस ने थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 332/2026, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपितों से गांजे के स्रोत, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में ओडिशा निवासी देवेंद्र साहू उर्फ गुल्लू साहू की भूमिका सामने आई।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने आरोपित के संबंध में तकनीकी एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटाईं और उसे सोनपुर, उड़ीसा में लोकेट किया। इसके बाद टीम तत्काल सोनपुर रवाना हुई और आरोपित के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया है।
नारकोटिक एक्ट के मामलों में पहले भी जेल जा चुका है आरोपित-
पुलिस के अनुसार, देवेंद्र साहू उर्फ गुल्लू साहू गांजा का बड़ा सप्लायर है और पूर्व में नारकोटिक एक्ट से जुड़े मामलों में ओडिशा में दो बार जेल निरुद्ध रह चुका है। इसके अलावा सोनपुर के एक अन्य मामले में वह अग्रिम जमानत पर है।
फिलहाल आरोपित का पुलिस रिमांड प्राप्त कर उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस गांजा सप्लाई के स्रोत, वितरण नेटवर्क और तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की इंड-टू-इंड विवेचना की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

