home page

चंगोरा भाठा में स्कॉर्पियो से 54 किलो गांजा बरामद, महिला-पुरुष फरार

 | 
चंगोरा भाठा में स्कॉर्पियो से 54 किलो गांजा बरामद, महिला-पुरुष फरार


रायपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रायपुर के चंगोरा भाठा क्षेत्र में नाली में फंसी एक स्कॉर्पियो से पुलिस ने 54 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। वाहन में सवार एक महिला और पुरुष स्कॉर्पियो को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।

मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चंगोरा भाठा क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर नाली में फंस गया था। वाहन में सवार महिला और पुरुष उसे छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों को वाहन के संबंध में संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना थाना डी.डी. नगर पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग बोरियों और बैगों में कुल 54 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त करते हुए उसके परिवहन में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया।

मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं, वाहन छोड़कर फरार हुए महिला और पुरुष की पहचान एवं पतासाजी की जा रही है। पुलिस टीम दोनों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर